झारखण्ड के प्रत्येक विश्वविद्यालय में प्रति कुलपति नियुक्त करें राज्यपाल : डॉ. सूरज मंडल

Education Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

रांची: पूर्व सांसद, पूर्व जैक उपाध्यक्ष, झारखण्ड मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष, भाजपा नेता और अखिल भारतीय सम्पूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सूरज मंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से माँग की है कि झारखण्ड के प्रत्येक विश्वविद्यालय में प्रति कुलपति की अविलम्ब नियुक्त की जानी चाहिये। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से प्रत्येक विश्वविद्यालय में न केवल प्रशासन एवं प्रबंधन दुरुस्त होगा बल्कि कार्यों में पारदर्शिता भी आयेगी और पठन-पाठन बेहतर होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में मुलाकात के दौरान डॉ. मंडल ने कहा कि झारखंड में उच्च शिक्षा की बेहतर स्थिति न केवल छात्र-छात्राओं या संपूर्ण शैक्षणिक जगत के हित में है बल्कि कुल मिलाकर झारखण्ड के सभी लोगों के तीव्र गति से सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी यह आवश्यक है।
डॉ. मंडल ने कहा कि इतिहास में इस बात के प्रमाण भरे पड़े हैं कि जहाँ भी उच्च शिक्षा की स्थिति कमजोर हुई है वहाँ उसका खामियाजा न केवल पूरे समाज या प्रदेश को भुगतना पड़ा है बल्कि आर्थिक विकास भी धीमा हो गया। डॉ. मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार उच्च शिक्षा के मामले में पूरी तरीके से उदासीन है और उसका नकारात्मक और निराशाजनक रवैया पूरी तरह स्पष्ट है। हर एक मामले पर राज्य सरकार, राजभवन के साथ टकराव का रवैया अख्तियार कर रही है। ऐसे परिप्रेक्ष्य में राज्यपाल की भूमिका बहुत अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने राज्यपाल से अपनी बातों को साझा कर उनसे अपील की है कि झारखण्ड एवं यहाँ के लोगों के हित में अपनी प्रभावी भूमिका एवं संविधान प्रदत्त अपनी भूमिका का निर्वहन करें।