Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता की महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान दोनों के मध्य विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कैथी जाइल्स-डियाज़ को झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह राज्य प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है और यहां प्रचुर मात्रा में खनिज संपदा उपलब्ध है।
भेंट के दौरान उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि झारखंड में अनेक विश्वप्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्थित हैं, जो राज्य की आध्यात्मिक समृद्धि के प्रतीक हैं। राज्यपाल ने कैथी जाइल्स-डियाज़ को बताया कि वर्तमान में सावन के पावन महीने में देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु श्रद्धा और भक्ति के साथ कांवर यात्रा कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका स्थित बासुकीनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं और श्रद्धापूर्वक जलार्पण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षभर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए आते हैं। राज्यपाल ने यह भी उल्लेख किया कि झारखंड में ईटखोरी, रजरप्पा, देउड़ी और पारसनाथ जैसे कई आस्था के केंद्र हैं। साथ ही, यहां के जलप्रपातों और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं।