Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम/रांची : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार सुबह बाथरूम में फिसलने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई और ब्रेन में ब्लड क्लॉट हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एयर एम्बुलेंस से दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया है। जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित सरकारी आवास में शनिवार सुबह रामदास सोरेन बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े। इससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और ब्रेन में ब्लड क्लॉट हो गया। गिरने के बाद परिजन तुरंत उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उनकी स्थिति गंभीर बताई गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एम्बुलेंस से दिल्ली भेजने का निर्देश दिया। जमशेदपुर में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर टाटा मोटर्स अस्पताल से सोनारी एयरपोर्ट तक मंत्री को पहुंचाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल लिए रवाना किया गया।
सोनारी एयरपोर्ट पर अर्जुन मुंडा भी पहुंचे : सोनारी एयरपोर्ट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि रामदास सोरेन उनके एक अच्छे साथी हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने से काफी दुखी हैं। दिल्ली अपोलो के डायरेक्टर अनुपम से बात हुई है, जहां उनका बेहतर इलाज होगा। सोनारी एयरपोर्ट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, विधायक मंगल कालिंदी, कुणाल षाडंगी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता राजू गिरी, रमेश हांसदा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि झारखंड के शिक्षा मंत्री, हमारे बड़े भाई रामदास सोरेन के अस्वस्थ होने की खबर बेहद चिंताजनक है। बाथरूम में गिरने से उन्हें ब्रेन में चोट व ब्लड क्लॉट हुआ है। उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया जा रहा है। मैं लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रहा हूं। आप सभी से दुआओं की अपील है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे शीघ्र स्वस्थ हों।
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के इलाज पर है कड़ी नजर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की बिगड़ती हालत पर गंभीर चिंता जाहिर की है। वे शिक्षा मंत्री का हाल जानने और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए रांची से दिल्ली गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन फिलहाल उनकी तबियत स्थिर है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा है कि आप सबकी दुआएं जल्द रंग लाएंगी। कृपया बिना पुष्टि के कोई सूचना साझा न करें। इससे भ्रम की स्थिति बनती है। उनके इलाज पर कड़ी नजर है। मंत्री ने शनिवार को जारी एक प्रेस रिलीज में यह भी बताया कि रामदास सोरेन के सभी वाइटल पैरामीटर्स डॉक्टरों की निगरानी में हैं। वे खुद लगातार संपर्क में हैं और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए वे स्वयं दिल्ली रवाना हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारे साथी, गरीबों के सच्चे हितैषी और आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज़, झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत जैसे ही बिगड़ी, उन्हें शीघ्र ही एयरलिफ्ट कर दिल्ली स्थित अपोलो हॉस्पिटल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बाथरूम में गिरने के कारण रामदास सोरेन को ब्रेन में गंभीर चोट लगी है और ब्लड क्लॉट हुआ है।