Eksandeshlive Desk
रांची : राज्य सरकार ने डॉ सुधीर कुमार गुप्ता को मेडिकल युनिवर्सिटी का कुलपति नियुक्त किया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी है। इस संबंध में विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने शुक्रवार काे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना राज्य की चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक कदम है। डॉ गुप्ता वर्तमान में एम्स नई दिल्ली में कार्यरत हैं। वे अधिकतम तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु तक या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सा संस्थानों के एकीकृत नियंत्रण में आने से पढ़ाई, परीक्षा और प्रशासनिक कार्यों में एकरूपता आएगी और यूजी और पीजी सीटों में बढ़ोतरी की प्रक्रिया भी अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।
विश्वविद्यालय के संचालन के लिए रांची के ब्रांबे स्थित पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान परिसर को चिन्हित किया गया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में वृद्धि की प्रक्रिया भी सरल और प्रभावी हो जाएगी। साथ ही, चिकित्सा क्षेत्र में शोध गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इधर, विभाग के अनुसार तत्काल इस परिसर को विश्वविद्यालय के लिए अस्थाई रूप से हस्तांतरित करने के लिए अपर मुख्य सचिव ने ब्रांबे स्थित पंचायती राज संस्थान परिसर को स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने का आग्रह किया है, ताकि झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय को जल्द क्रियाशील किया जा सके। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय के गठन के बाद राज्य के मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थान एकीकृत शैक्षणिक और प्रशासनिक ढांचे के अंतर्गत आ जाएंगे। इससे पढ़ाई, परीक्षा, संबद्धता और मान्यता से जुड़े कार्यों में एकरूपता आएगी। अभी तक अलग-अलग विश्वविद्यालयों के अधीन होने के कारण इन संस्थानों को समन्वय की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
