Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड के विभिन्न जिलों में शुक्रवार से तीन दिन भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से शुक्रवार को जिन इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है उनमें राज्य के दक्षिण-पूर्वी जिले शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर पश्चिम जिलों के कुछ हिस्सों को छोड़कर शेष इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने एवं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
शनिवार को दक्षिण और मध्यवर्ती जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही उत्तर पश्चिम क्षेत्र के कुछ भागों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर गति से तेज हवा चलने की भी संभावना है। 27 जुलाई को राज्य के दक्षिणी पश्चिमी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही पश्चिमी और इसके निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर की गति से तेज हवा चलने की भी संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है।
वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश हजारीबाग जिले के इचाक में 44 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान रांची के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। इधर, गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर बाद जमकर बारिश हुई। गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री, जमशेदपुर में 35.6 डिग्री, डालटेनगंज में 34.6 डिग्री, बोकारो में 31.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।वहीं रांची, खूंटी, सरायकेला खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में 26 जुलाई को अत्यधिक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।