Eksandeshlive Desk
रांची/नयी दिल्ली : पूर्व सांसद, पूर्व जैक उपाध्यक्ष, झारखंड मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष और भाजपा नेता डॉ. सूरज मंडल को अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच का झारखंड संयोजक नियुक्त किया गया है। गुरुवार को नयी दिल्ली में राष्ट्रीय संयोजक राम प्रवेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। साथ ही अन्य प्रदेशों में भी संयोजकों की नियुक्ति के साथ व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तय की गयी।
बैठक में यह फैसला लिया गया कि संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच का प्रस्तावित दो दिवसीय वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन अगले 20 मार्च को नयी दिल्ली के गांधी शांति प्रतिष्ठान में होगा। 20 मार्च को तीन सत्रों में यह सम्मेलन होगा। 21 मार्च को जंतर-मंतर, नयी दिल्ली में पूरे देश से आये लोकतंत्र व जेपी आंदोलन के सेनानी एकत्रित होंगे और वहां से कुच कर संसद घेराव करने को लिये अपनी यात्रा शुरू करेंगे। उसी दिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक राष्ट्रीय सम्मेलन का अंतिम सत्र आयोजित होगा जिसमें बिहार, उत्तर प्रदेश व दिल्ली से जन संख्या के समानुपातिक आधार पर राष्ट्रीय संचालन समिति के गठन के लिये चयनित सदस्यों की सूची तैयार की गयी है। बैठक में लिये गये निर्णयों की जानकारी देते हुए डॉ. मंडल ने कहा कि यदि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में संंपूर्ण क्रांति न होती तो भारतीय लोकतंत्र पर छाये खतरे के बाद स्वतंत्रता आंदोलन में देखे गये सारे सपने समाप्त हो जाते।
डॉ. मंडल ने कहा कि जेपी आंदोलन की भावनाओं को जिंंदा रखना ही संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच का सबसे प्रमुख मुद्दा है और इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिये रूपरेखा एवं एजेंडा तैयार करना मंच का लक्ष्य है। मंच की आज उसी क्रम में विविध राज्यों में राज्य संयोजकों की नियुक्ति की घोषणा की गयी जिसमें डॉ. सूरज मंडल को झारखंड का संयोजक बनाया गया। इसके अलावा जग्गनाथ शहाने, अन्ना जी राजेदार, संजय राजेदार, सुभाष रामप्पायेवते, अजय भूजवल, भीमराव शंकरराव देवकर, सचिन विटल राव पाटिल, चन्द्र छावडा, लक्ष्मण सेव पाटिल, करीम भाई, डाॅ प्रेम सुख सुराना, दीप चन्द्र शर्मा, संभागलाल नाहर, राजेन्द्र दीक्षित, करनी दान सिंह, बलवंत सिंह निडर, ओम प्रकाश वाधवा, महावीर भरद्वाज, तारकेश्वर सिंह, बजरंग सिंह, एम के मधु, डाॅ अवधूत सदा शिव राव जोशी, किशन लाल तुल्सयान, सुशील पंडा, नरेन्द्र सांकल, वीरन वीर, अशोक यादव, विजय चंद्रा, ओम शक्ति बाबू, जय प्रकाश राठौर, ओम प्रकाश द्विवेदी, मोहन आर वालूवा आदि को विविध राज्य संयोजक अथवा अन्य पदों पर मनोनीत किया गया है।