झारखंड में बढ़ने लगी गर्मी, पश्चिमी सिंहभूम सबसे गर्म

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 12 जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है, जबकि तीन जिलों में तापमान 32 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले चार दिनों में पूरे राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि होने की संभावना है।राज्य के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया है, जिनमें जमशेदपुर में 31 डिग्री, डाल्टनगंज में 31 डिग्री, बोकारो में 30.6 डिग्री, सरायकेला में 31.8 डिग्री, दुमका में 30 डिग्री, पाकुड़ में 30 डिग्री, साहिबगंज में 30 डिग्री, सिमडेगा में 31 डिग्री और गोड्डा में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं सरायकेला, पलामू और गढ़वा में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम में 33 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को मौसम साफ रहा और मध्यम गति से हवाएं चलीं। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हुई, जबकि शाम होते-होते ठंड का असर बना रहा। रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम 11.2 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 14.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 9.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.6 डिग्री और न्यूनतम 11.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने से झारखंड में गर्मी का असर और अधिक स्पष्ट रूप से महसूस किया जाएगा।

Spread the love