झारखंड में मौसम बदला, 30 मार्च तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 30 मार्च तक कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। विभाग ने 24, 27 और 28 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 29 और 30 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्यवर्ती मध्य प्रदेश और उत्तरी महाराष्ट्र से होते हुए विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम की हवाएं करीब 90 समुद्री मील प्रति घंटे की रफ्तार से 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर सक्रिय हैं, जिसका प्रभाव झारखंड समेत उत्तर भारत के मौसम पर पड़ने की संभावना है।

लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील : पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 33.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान पूर्वी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से झारखंड के कई जिलों में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में 3 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है, जबकि रात में हल्की ठिठुरन भी महसूस की जा रही है। मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री और न्यूनतम 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33.5 और न्यूनतम 21 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33.6 और न्यूनतम 18.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 और न्यूनतम 18.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और विशेष रूप से वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Spread the love