झारखंड सरकार की ‘पशुधन एक्सप्रेस’ पहुंची अनगड़ा

360° Ek Sandesh Live

किसानों की बढ़ेगी आमदनी की रफ्तार

मुस्तफा

रांची: अनगड़ा प्रखण्ड के किसानों के अच्छे दिन अब ‘मिमियाते’ और ‘चहचहाते’ हुए उनके दरवाजे पर दस्तक दे चुके हैं। बुधवार को प्रखण्ड अंचल कार्यालय में मुख्यमंत्री पशुधन योजना का मेला लगा,जहां किसानों के बीच खुशियों के रूप में बकरियां और मुर्गी चूजे बांटे गए।
“विधायक प्रतिनिधि ने थमाई समृद्धि की डोर”
खिजरी विधायक राजेश कच्छप के प्रतिनिधि श्रवण मुण्डा ने किसानों को पशुधन सौंपते हुए बड़े ही दिलचस्प अंदाज में कहा कि अब अनगड़ा का हर किसान सिर्फ खेती पर निर्भर नहीं रहेगा,बल्कि पशुपालन के जरिए अपनी जेब भी गर्म रखेगा। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार और विधायक जी का सपना है कि हर घर में समृद्धि की नई किरण फैले और किसानों की आर्थिक स्थिति फौलादी बने।”
“पंचायतों में बंटी खुशियां”
प्रखण्ड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. पियूष सिंह की मौजूदगी में वितरण का गणित कुछ ऐसा रहा: बकरी की ‘पंच’ शक्ति: सिरका, नवागढ़,बीसा,लूपूंग और जोन्हा के भाग्यशाली किसानों को 5-5 बकरियां दी गईं। दिलचस्प बात यह है कि इनमें ‘लेडीज फर्स्ट’ का ध्यान रखते हुए 4 मादा और 1 नर बकरी शामिल है। चूजों की फौज: सुरसू,सिंगारी,टाटी,जोन्हा,चतरा और बीसा में 8 यूनिट चूजों की टोली भेजी गई,जो आने वाले समय में अंडों और मांस के उत्पादन से किसानों की आय में पंख लगाएंगे। मौके पर पशुधन सहायक रंजन नायक और कुलेश्वर मुण्डा ने किसानों को ‘सक्सेस टिप्स’ देते हुए बताया कि कैसे इन बेजुबानों की सेवा कर वे अपनी जिंदगी बोलती हुई बना सकते हैं। बकरी और चूजे पाकर किसानों के चेहरे पर ऐसी मुस्कान थी, जैसे उन्हें बैंक की पासबुक मिल गई हो।

Spread the love