झारखंड विधानसभा-बजट सत्र : जगराहा डैम पर सरकार लाएगी नई योजना, बिजली विभाग में जल्द होगी भर्ती

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची में चल रहे झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 17वें दिन बुधवार को चंदवा स्थित जगराहा डैम का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठा। इस दौरान जल संसाधन विभाग की नई योजना की महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। जमशेदपुर पूर्व से विधायक सरयू राय ने डैम की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने बताया कि टोरी रेलवे स्टेशन (चंदवा) के पास एक प्राकृतिक भूगर्भ जल स्रोत है, जहां से निरंतर स्वच्छ पानी निकलता है और करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित जगराहा डैम में जाकर जमा होता है। उन्होंने कहा कि यह डैम चंदवा क्षेत्र में जलापूर्ति और मत्स्य पालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में डैम में प्लास्टिक, गाद, जलकुंभी और कचरे का जमाव बढ़ गया है, जिससे इसकी गहराई घट रही है और जलमार्ग संकरा होता जा रहा है।

बिजली विभाग में जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया : सरयू राय ने यह भी बताया कि डैम की सिंचाई क्षमता लगभग दो हेक्टेयर है और यह आसपास के क्षेत्र के भूजल स्तर को संतुलित रखने में भी मदद करता है। उन्होंने डैम में पानी लाने वाले नाले की सफाई और मरम्मत कराने की मांग की। इस पर जवाब देते हुए जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि यह डैम निजी जमीन (राजा की संपत्ति) में आता है, इसलिए विभाग सीधे हस्तक्षेप नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि वर्तमान नीति के तहत पांच एकड़ से बड़े तालाबों का ही जीर्णोद्धार और सौंदर्याकरण किया जाता है। हालांकि, मंत्री ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि सरकार जल्द नई योजना लाने जा रही है, जिसके तहत अब 2.5 एकड़ तक के छोटे तालाबों का भी जीर्णोद्धार और सौंदर्याकरण किया जाएगा। इससे छोटे जलस्रोतों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। सदन में बिजली विभाग में रिक्त पदों को लेकर भी चर्चा हुई। डुमरी से विधायक जयराम महतो ने कहा कि पर्याप्त कर्मचारियों की कमी के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लंबे समय से पद खाली पड़े हैं। इस पर ऊर्जा मंत्री योगेंद्र महतो ने जानकारी दी कि नियुक्ति के लिए नियमावली तैयार कर ली गई है और जल्द ही रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।

खूंटी में जर्जर सड़कों का मुद्दा विधानसभा में उठा, विधायक सुदीप गुड़िया ने जल्द मरम्मत की मांग की : खूंटी जिले के तोरपा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जरिया गढ़ पंचायत के विभिन्न गांवों में जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर विधायक सुदीप गुड़िया ने बुधवार को विधानसभा में शून्यकाल के दौरान जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया। विधायक ने कहा कि खराब सड़कों के कारण स्थानीय ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सदन को बताया कि सड़कों की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि खासकर बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। सुदीप गुड़िया के अनुसार, कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़कों के चलते लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए इन सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से न केवल ग्रामीणों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। विधायक ने इस गंभीर समस्या पर सरकार से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Spread the love