Eksandeshlive Desk
बोकारो : झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों में बोकारो जिले की चारों विधानसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन का कब्जा हो गया। बोकारो, चंदनकियारी, गोमिया, बेरमो इन चारों सीटों पर इंडिया गठबंधन को जीत मिली है। साथ ही पहली बार चुनाव में कदम रखने वाली जेएलकेएम पार्टी ने सबको चौंका दिया है।
बोकारो विधानसभा क्षेत्र से वीरंची नारायण हैट्रिक नहीं लगा पाए
बोकारो विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके वीरंची नारायण हैट्रिक लगाने के मूड में थे लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया और अपना विधायक कांग्रेस प्रत्याशी श्वेता सिंह को चुन लिया। श्वेता सिंह को कुल 1,33,438 वोट मिले और विरंची नारायण को 1,26,231 मत प्राप्त हुए। इस तरह से 7207 वोटों से स्वेता सिंह ने विजय प्राप्त की। चंदनक्यारी विधानसभा क्षेत्र से दो बार के विधायक और नेता प्रतिपक्ष रहे अमर बावरी को जनता ने कुल 56,091 मत दिया। यहां पूर्व मंत्री उमाकांत रजक जो चुनाव से पहले आजसु छोड़कर झामुमो में शामिल हुए थे उन्हें झामुमो ने टिकट दिया था। जनता ने उमाकांत रजक को 90,027 मत देकर विजयी बनाया। उमाकांत रजक ने 33,733 वोट से जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर जेएलकेएम के प्रत्याशी अर्जुन रजवार को 56294 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी अमर बाउरी को 56091 वोट मिले।
गोमिया की जनता ने आजसू के विधायक लंबोदर महतो को नकारा
गोमिया विधानसभा क्षेत्र से आजसू के विधायक डॉक्टर लंबोदर महतो को जनता ने नकार दिया और झामुमो के नेता योगेंद्र प्रसाद को मत देकर विजयी बनाया। झामुमो प्रत्याशी योगेंद्र प्रसाद को 95,170 वोट मिले जबकि दूसरे नंबर पर जेएलकेएम के प्रत्याशी पूजा कुमारी को 54508 वोट मिले। आजसू के प्रत्याशी डॉ लम्बोदर महतो को 54508 वोट मिले। इस तरह लम्बोदर महतो तीसरे नंबर पर चले गए। बेरमो विधानसभा क्षेत्र में इस बार त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना थी। एक तरफ जयराम महतो, दूसरी तरफ पूर्व सांसद रविंद्र पांडे और तीसरी तरफ वर्तमान विधायक कांग्रेस प्रत्याशी जय मंगल सिंह मैदान में थे। जयमंगल सिंह को 90,246 वोट मिले। दूसरे नंबर पर रहे जयराम महतो को 60871 वोट मिले। पूर्व सासंद रविंद्र पाण्डेय तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 58,532 वोट मिले। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी जयमंगल सिंह 29375 वोट से जीत गए।