झारखंड विधानसभा के 25वें स्थापना दिवस पर राज सिन्हा को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक का पुरस्कार

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : धनबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक राज सिन्हा को उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान झारखंड विधानसभा के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिया जाएगा। राज सिन्हा धनबाद विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। उनके जरिये किए गए उत्कृष्ट कार्यों और क्षेत्र की जनता के प्रति उनकी समर्पण भावना को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है। झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट विधायक को 51 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। यह सम्मान राशि राज्यपाल प्रदान करेंगे। इसके अलावा प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो भी प्रदान किया जाएगा। इन्हे वर्ष 2025 के लिए भगवान बिरसा मुण्डा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इन उत्कृष्ट कर्मियों को मिलेगा सम्मान : राज सिन्हा 2014 के विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बने और उन्होंने कांग्रेस के मन्नान मल्लिक को 52,000 से भी अधिक वोटों से हराया था। इसके बाद 2019 के चुनाव में भी उन्होंने मन्नान मल्लिक को 30,000 से अधिक वोटों से हराया। 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार अजय कुमार दुबे को 48 हजार से अधिक मतों से शिकस्त दी। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं मोमेंटो के साथ 21,000 रूपये की सम्मान राशि प्रदान करेंगे। इस साल विधानसभा के छह कर्मियों को उत्कृष्ट कर्मी का सम्मान दिया जाएगा। जिन कर्मियों को स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा उनमें संतोष कुमार सिंह- संयुक्त सचिव- नीलम कुजूर- प्रशाखा पदाधिकारी-मो. शाहिद हैदर- सहायक प्रशाखा पदाधिकारी-राकेश कुमार सिंह-पर्यवेक्षक उद्यान-मन्नु राम-अनुसेवक-रवीन्द्र पाल- अनुसेवक शामिल है।

उत्कृष्ट विधायक चयन समिति में ये रहे शामिल : उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में कांके रोड स्थित उनके आवास पर बुधवार को हुई। समिति के सदस्य के रूप में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह, नवीन जायसवाल, पत्रकार दीर्घा समिति के संयोजक आनंद मोहन, विधानसभा के प्रभारी सचिव-सह-सदस्य सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम मौजूद रहे। झारखंड विधानसभा की ओर से 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 22 नवंबर को एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह को दो सत्रों में बांटा गया है। पहले सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि दूसरे सत्र में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इस मौके पर बॉलीवुड गायक रूप कुमार राठौर और हास्य कवि दिनेश बावरा अपनी प्रस्तुति देंगे।

Spread the love