झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष का किया अभिवादन, 4 अगस्त को अनुपूरक बजट

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को शुरू हो चुका है। मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को संबोधित किया और सदन की कार्यवाही के बारे में बताया। अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने विधानसभा में अपने संबोधिन के दौरान बताया कि यह सत्र 1 से 7 अगस्त तक आहूत है, जिसमें कुल पांच कार्य दिवस होंगे। 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जायेगा। अध्यक्ष ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बीते करीब एक माह से अस्वस्थ्य होने का जिक्र भी किया। साथ ही उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।

अध्यक्ष ने कहा कि शिबू सोरेन का इस राज्य के प्रति भूमिका और योगदान किसी से छुपा हुआ नहीं है। दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सत्र 4 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले षष्ठम विधानसभा के तृतीय मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा स्थित अध्यक्ष के कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभिवादन किया। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्वागत एवं अभिवादन राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी, प्रधान सचिव (मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग) वंदना दादेल और झारखंड विधान सभा प्रभारी सचिव माणिक लाल हेंब्रम ने किया।

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष : झारखंड में विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सत्र के सुचारु संचालन को लेकर रणनीति बनायी गयी। बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों, प्रश्नकाल और अन्य विधायी कार्यों को लेकर चर्चा हुई। साथ ही सत्र के सुचारु संचालन को लेकर रणनीति भी बनाई गई। कार्यमंत्रणा समिति की यह बैठक मानसून सत्र के प्रभावी और व्यवस्थित संचालन की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Spread the love