अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं की जानकारी देने हेतु प्रचार-प्रसार करने का निर्देश
Eksandeshlive Desk
रांची: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) अंतर्गत केन्द्रीय प्रायोजित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण सुनिश्चित कराने हेतु जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम के संबंध में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, रांची रविशंकर मिश्रा, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं शहरी क्षेत्र के अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाएँ जैसे-इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना तथा अन्य केन्द्रीय प्रायोजित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण पारदर्शिता, लाभुकों की पहचान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अनिवार्य है।
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं शहरी क्षेत्र के अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं से लाभान्वित योग्य व्यक्तियों की पहचान की जाए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं की जानकारी देने हेतु प्रचार-प्रसार किया जाए। सामाजिक अंकेक्षण हेतु प्रखंड,पंचायत स्तर पर स्थान का चयन करने और नोडल अधिकारी,व्यक्ति की प्रतिनियुक्ति कर सूची जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का भी निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। सामाजिक अंकेक्षण के दौरान ग्रामसभा की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं शहरी क्षेत्र के अंचल अधिकारियों को सोशल ऑडिट हेतु टीम को ससमय सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा ने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभुकों को बिना किसी भेदभाव के समय पर पेंशन की सुविधा मिले। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि कोई कमी या त्रुटि पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर किया जा सके। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जन-जागरूकता अभियान चलायें, पारदर्शिता बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभुक वंचित न रहे।
