RAJU CHAUHAN
धनबाद: सदर थाना क्षेत्र के हल्दी पट्टी में जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में करीब छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिला और तीन पुरुष शामिल हैं, जिनके सिर में गंभीर चोटें आई है। वहीं, सूचना पर धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्ष के लोगों को थाना ले गए।
उल्लेखनीय है कि धनसर थाना क्षेत्र के गांधीनगर हल्दी पट्टी में महतो पक्ष और यादव पक्ष के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। इस मामले में पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी है। महतो पक्ष के जलेश्वर महतो का कहना है कि राज राजन यादव, भगवान यादव, राजेश यादव, रमेश यादव और लक्ष्मण यादव हमारी ख़ातियानी और पुश्तैनी जमीन को जबरन हड़पना चाहते हैं, विरोध करने पर मारपीट करते हैं। इस मामले को लेकर कई बार थाने में भी शिकायत की गई है। जिला प्रशासन की ओर से उक्त जमीन पर निषेधाज्ञा भी लागू है, फिर भी वे लोग चारदिवारी दे रहे हैं। लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं मामले में दूसरे पक्ष के सतेंद्र यादव का कहना है कि उनके पास उक्त जमीन की डीड और रसीद मौजूद है। उन्होंने कहा कि वे अपने जमीन पर चारदिवारीकर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जलेश्वर महतो के लोग लोग ही मारपीट के लिए आए थे। मामले में पुलिस दोनों ओर से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
