SUNIL KUMAR
साहिबगंज/बोरियो: रिश्तों की मर्यादा जब जमीन के टुकड़े और गुस्से की भेंट चढ़ जाए, तो अंजाम कितना खौफनाक होता है, इसकी बानगी बोरियों प्रखंड के बांझी संथाली गांव में देखने को मिली। बुधवार की सुबह यहां एक भतीजी ने अपनी ही फुआ (बुआ) की पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
विवाद की जड़: जमीन और पुरानी रंजिश
मिली जानकारी के अनुसार, बांझी संथाली गांव में रहने वाली 40 वर्षीय संझली हांसदा सुबह अपनी भतीजी तारा हांसदा के घर पहुंची थी। वहां संझली का अपनी भाभी (तारा की माँ) के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद फिर से गहरा गया। देखते ही देखते बात गाली-गलौज से बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई।
गुस्से में खोया आपा: सिर पर पत्थर से किया वार
ग्रामीणों का कहना है कि जब संझली और उसकी भाभी के बीच झगड़ा बढ़ रहा था, तब तारा अपनी माँ के बचाव में बीच-बचाव करने आई। इसी दौरान गुस्से में पागल होकर तारा ने पास पड़ा एक भारी पत्थर उठाया और सीधे अपनी फुआ संझली के सिर पर दे मारा। हमला इतना जोरदार था कि संझली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और गांव में सन्नाटा
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की शुरुआती जांच करते हुए,आरोपी भतीजी तारा हांसदा को हिरासत में ले लिया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या इस विवाद के पीछे ‘अंधविश्वास’ का भी कोई एंगल है। “मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी से पूछताछ जारी है। हम घटना की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।”
