जर्मनीः क्रिसमस बाजार हमले में घायल लोगों में 7 भारतीय भी, नागरिकों के संपर्क में दूतावास

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

बर्लिंन : जर्मनी के एक शहर मैगडेबर्ग में बेकाबू कार के हमले में घायल हुए लोगों में सात भारतीय नागरिक भी हैं। भारतीय नागरिकों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और प्राथमिक इलाज के बाद इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वो घायल हुए सभी लोगों के संपर्क में है।

भारत ने जर्मनी के मैगडेबर्ग में हुई इस हमले की निंदा की है। भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि “हम जर्मनी के मैगडेबर्ग में क्रिसमस बाजार में हुए भयानक और संवेदनहीन हमले की निंदा करते हैं। कई बहुमूल्य जानें चली गईं और कई घायल हो गए। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के साथ हैं।” बयान में कहा गया है कि उनका मिशन घायल भारतीयों और उनके परिवारों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।

बतादें कि जर्मनी की राजधानी बर्लिंन से 150 किमी दूर एक शहर मैगडेबर्ग में शुक्रवार शाम क्रिसमस बाजार में एक बेकाबू कार ने लोगों को रौंदा था। इस घटना में दो लोगों की मौत हुई थी और 60 से ज्यादा घायल हुए थे। इस घटना के आरोपित सउदी अरब के निवासी तालेब ए. पेशे से एक डॉक्टर है और पिछले 18 साल से जर्मनी में रह रहा है। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।

Spread the love