Eksandesh Desk
गुमला: बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए श्री सर्वेश्वरी समूह प्रार्थना गृह, गुमला के महिला संगठन के द्वारा समूह की उन्नीस सूत्री कार्यक्रम के तहत रायडीह प्रखंड़ के जमगाई बूरजुड़ी गांव में लगभग एक सौ असहाय जरुरतमंद ग्रामीणों तथा बच्चों के बीच साड़ी, स्वेटर, गर्म पेंट,टोपी, मोज़ा तथा मफलर आदि वितरित किया गया। वितरण कार्यक्रम के पहले अघोरेश्वर महाप्रभू की पूजा अर्चना की गयी।इसके पश्चात गांववासियों के साथ एक लघु गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए महिला संगठन की नीता हरीतिमा के द्वारा श्री सर्वेश्वरी समूह के कार्यवृत्त की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को नशापान से दूर रहने की नसीहत दी गई। उन्होंने गांव के बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान भी किया।उनके द्वारा यह जानकारी भी साझा किया गया कि समूह की ओर से विभिन्न असाध्य रोगों के इलाज किये जाने की भी सुविधा है। उक्त गांव में पहली बार इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। अंत में ग्रामीणों के बीच अघोरेश्वर संदेश का वितरण भी किया गया।
मौके पर महिला संगठन की नम्रता सिन्हा, हेमलता यादव, ज्योति सिन्हा, मधु सिन्हा, नीलम केसरी, मांडवी रानी, अनीशा गुप्ता, मीरा विश्वकर्मा, लक्ष्मी कुमारी दास,तथा कांता गुप्ता आदि उपस्थित थीं।