Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के मानगो प्रखंड कांग्रेस कमिटी ने जिला उपायुक्त-सह-निर्वाची पदाधिकारी को एक पत्र लिखकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर कुमार सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है, बावजूद इसके जदयू और भाजपा के कार्यकर्ता मानगो नगर निगम के पदाधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी सामग्री (बाल्टी) का वितरण कर रहे हैं।
नगर निगम के अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध : कांग्रेस के पत्र में कहा गया है कि जदयू और भाजपा नेता पप्पू सिंह, विजय तिवारी, अजीत सिंह उर्फ जीतू प्रमार और बाला प्रसाद के द्वारा आम नागरिकों को सरकारी वस्तुओं का वितरण किया गया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो जदयू नेता अजीत कुमार सिंह के फेसबुक अकाउंट पर साझा किए गए हैं। इनमें सरकारी सामग्रियों का वितरण खुलेआम प्रचारित और प्रसारित किया गया है। अध्यक्ष ईश्वर कुमार सिंह का पहना है कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आदर्श आचार संहिता के दौरान सरकारी वस्तुओं का वितरण या आम नागरिकों को किसी भी प्रकार का लाभ पहुंचाना पूर्णतः निषिद्ध है, लेकिन उक्त पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा ऐसा किया गया है। लिहाजा, मामले की तत्काल जांच कर भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एक अन्य कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सिंह गुड्डू ने आरोप लगाया कि यह कार्य आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है और इसमें नगर निगम के अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है।
