Reporting news by Mustaffa
मेसरा (राँची): कांके प्रखंड सेंट्रल अंजुमन इस्लामिया के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को चूड़ीटोला (कांके) स्थित साहिल कंपलेक्स में अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रबुद्ध जनों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नई कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभालते हुए सामाजिक सुधार और एकता का नया संकल्प लिया। समारोह के दौरान मुख्य रूप से नवनिर्वाचित सदर हाजी अब्दुर्रहमान,नायब सदर मोहम्मद चाँद,सेक्रेटरी इरफान अंसारी,नायब सेक्रेटरी मोहम्मद सलामत अंसारी और खजांची नूरुल होदा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में समाज की निस्वार्थ सेवा,आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने और विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांके विधायक एस.के. बैठा ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा,”अंजुमन जैसी संस्थाएं समाज की रीढ़ हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह नई टीम क्षेत्र में सौहार्द और प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगी।” विशिष्ट अतिथि राँची अंजुमन के सदर हाजी मुख्तार अंसारी ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत समाज की एकजुटता में है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को जनहित में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य करने की सलाह दी। समारोह में कांके प्रमुख एस मुंडा,जमीअतुल मोमेनीन 84 पंचायत अध्यक्ष मजीद अंसारी और सीसीएल के पूर्व जीएम बी.पी. सिंह ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में दर्जनों गांवों के गणमान्य नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे। समारोह का समापन सामूहिक दुआ के साथ हुआ,जिसमें देश की तरक्की,अमन-चैन और भाईचारे की कामना की गई।
