Eksandeshlive Desk
पटना : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपी-आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर एक भार फिर से सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लगाम लगाने की अपील की है। केंद्रीय मंंत्री और बिहार में सरकार को समर्थन दे रही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को पटना में पत्रकाराें से बात करते हुए कहा कि उन्हें दुख है कि बिहार में उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करना पड़ रहा है, जो अपराध पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और पुलिस एवं प्रशासन अपराधियों के सामने नतमस्तक हो चुकी है। उन्होंने कहा, ” मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराध बेकाबू हो गए हैं।” अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बिहार की जनता को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
एंबुलेंस में हुए दुष्कर्म की घटना पर भी कड़ी प्रतिक्रिया : गयाजी में एक महिला होमगार्ड अभ्यर्थी के साथ एंबुलेंस में हुए दुष्कर्म की घटना पर भी चिराग पासवान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं यह साबित करती हैं कि प्रशासन पूरी तरह नाकाम हो चुका है। एक के बाद एक घटनाएं हो रही हैं और बिहार में अपराध की एक श्रृंखला बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में हत्या, दुष्कर्म और लूट जैसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। अगर हालात ऐसे ही रहे, तो आने वाले दिनों में और भी भयावह स्थिति उत्पन्न हो सकती है। चिराग ने कहा कि कुछ लोग इसे चुनावी साजिश बता रहे हैं। सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसी घटनाओं को अंजान दिया जा रहा है, लेकिन आखिरकार जिम्मेदारी तो राज्य सरकार और प्रशासन की ही बनती है। उन्होंने कहा कि या तो पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह विफल हो चुकी है, या फिर सब कुछ लीपापोती करके ढकने की कोशिश हो रही है। अब ऐसा लग रहा है कि बिहार और बिहारी की सुरक्षा इस सरकार के बस की बात नहीं रही। राज्य सरकार से उन्होंने समय रहते जरूरी कदम उठाने की अपील की।
चिराग ने लालू यादव का शासन काल नहीं देखा : बिहार में घटित हाल की आपराधिक घटनाओं पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से राज्य सरकार पर किए गए वार पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने पलटवार किया है। उन्होंने चिराग पासवान को ऐसे मामलों को सही समय और सही स्थान पर उठाने की सलाह भी भी है। केंद्रीय मंत्री तीजन राम मांझी ने शनिवार को कहा कि चिराग पासवान को अभी राजनीति का ज्यादा अनुभव नहीं है। अभी वे नासमझ हैं। उन्होंने वह नहीं देखा, जाे लालू यादव के शासन में था। उनके पिता रहते, तो यह समझते कि आज हालत ज्यादा बेहतर हैं। जीतन राम मांझी ने कहा कि लालू यादव के राज में कानून व्यवस्था इतनी खराब हो चुकी थी कि उच्च न्यायालय ने इसे जंगलराज बताया था। आज उच्च न्यायालय ऐसा कुछ नहीं कहती है।
मीडिया के सामने नहीं, बल्कि एनडीए की बैठक में उठाएं : मांझी ने कहा कि उन्होंने 44 साल राजनीति की है। उन्होंने देखा है कि कैसे 2005 से पहले बिहार में हर अपराध का समझौता एक अणे मार्ग में होता था। राज्य में कहीं भी अपहरण हो, उसका समझौता वहीं होता था। आज एक अणे मार्ग में ऐसा कुछ नहीं है। इसके साथ ही आज अपराध के बाद अपराधियों को बचाया नहीं जाता है। अपराधियों को गिरफ्तार किया जाता है। उन्हें सजा दिलाई जाती है। चिराग पासवान काे सलाह देते हुए मांझी ने कहा कि चिराग को कानून व्यवस्था से इतनी परेशानी है, तो वह इसे मीडिया के सामने नहीं, बल्कि एनडीए की बैठक में उठाएं, जहां इस पर चर्चा होगी। इस तरह गठबंधन में रहकर अपनी ही सरकार के खिलाफ बोलना सही बात नहीं है। गयाजी में होमगार्ड अभ्यर्थी से हुए सामूहिक दुष्कर्म की निंदा करते हुए मांझी ने कहा कि आरोपितों की पहचान हो गई है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया।