अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय कौरा में शुक्रवार को “जनजातीय पखवाड़ा” का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह आयोजन भारत सरकार द्वारा प्रेषित पत्र एवं झारखंड सरकार के निर्देशानुसार किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रार्थना के साथ हुई, जिसके बाद क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, चित्रकला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में जनजातीय नायकों, उनकी संस्कृति एवं योगदान से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।इस दौरान बच्चों को भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी, उनके संघर्षों तथा झारखंड के महान जननायकों सिद्धू-कान्हू और टाना भगत के योगदान से अवगत कराया गया। साथ ही देश के विभिन्न जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक जीवनशैली और सामाजिक मूल्यों पर भी चर्चा की गई।विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि, “जनजातीय समाज हमारे देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा है। हमें उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर समाज में समरसता और एकता का संदेश फैलाना चाहिए।इस अवसर पर शिक्षकगण आशुतोष कुमार सिंह, शिव प्रताप शर्मा, प्रभु महतो, दिनेश राम, अजय कुमार, चंदन कुमार, विजय आर्य, अंजनी पाठक, श्याम सुंदर कुमार एवं अजीत कुमार उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को जनजातीय विरासत को सहेजने और उसे आगे बढ़ाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई तथा आगामी गतिविधियों की रूपरेखा विद्यार्थियों को बताई गई। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।
