केदल में हर्षोल्लास के साथ हुआ मंडा पूजा संपन्न,दहकते अंगारों पर नंगे पांव चले भोक्ता

360° Ek Sandesh Live

Mustaffa

मेसरा(रांची) : राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र स्थित केदल गांव में हर्षोल्लास के साथ मंडा पूजा का आयोजन किया गया। जहां भोक्ताओं ने फूलखुंदी में नंगे पांव दहकते अंगारों पर चलकर भगवान के प्रति अपनी आस्था जताई। वहीं झूलन कार्यक्रम में लोगों ने पुष्प वर्षा की। बंगाल से आये कलाकारों द्वारा छऊ नृत्य पेश किया गया,जिसका आनंद लोगों ने रातभर उठाया। इसके बाद संध्या सात बजे से रंगारंग नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। जिसमें झारखंड के प्रसिद्ध कलाकार इग्नेश कुमार,केशव केशरीया,नितेश कच्छप,कयूम अब्बास और चिंता देवी ने अपने मधुर स्वर की जादूगरी से आधुनिक एवं ठेठ नागपुरी गीतों पर लोगों को खूब झुमाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष मनरखन महतो थे। उन्‍होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक मंडा पर्व हमारे पूर्वजों की देन है। भगवान शिव की उपासना कर मन्नत और अच्छी बारिश की कामना करते हैं,ताकि घर में सुख शांति बनी रहे तथा परिवार में खुशियां आए। इस आयोजन को सफल बनाने में मंडा पूजा समिति के अध्यक्ष महादेव करमाली,मुखिया राहूल मुंडा, जेबीकेएसएस के केंद्रीय महामंत्री जितेंद्र कुमार महतो,गणेश्वर नारायण, रमेश करमाली,राजेश कुमार महतो,बालकिशुन महतो,श्रवण लोहरा, शैलेंद्र कुमार महतो आदि मंडा पूजा समिति के सभी सदस्यों ने सहयोग किया।

Spread the love