केंद्रीय बजट: 15 हजार से ज्यादा एवीजीसी लैब, ‘भारत-विस्तार’ एआई टूल और नये राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान बनाने की घोषणा

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026-27 में देश की नारंगी अर्थव्यवस्था (ऑरेंज इकोनॉमी) को आगे बढ़ाने के लिए 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में एनीमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग और कॉमिक्स एवीजीसी लैब, पूर्वी भारत में नया राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, किसानों के लिए ‘भारत-विस्तार’ एआई टूल और नौकरियों व कौशल पर तकनीक के असर का आकलन करने के लिए ‘एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज’ समिति बनाने की घोषणा की। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में पेश किए केंद्रीय बजट 2026-27 में कहा कि देश की ऑरेंज इकोनॉमी यानी एनीमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) क्षेत्र को मज़बूत करने के लिए 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में सामग्री निर्माण प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। सरकार का अनुमान है कि इस क्षेत्र में वर्ष 2030 तक लगभग 20 लाख पेशेवरों की आवश्यकता होगी।

वित्तमंत्री ने पूर्वी भारत में डिजाइन शिक्षा और उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए नया राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि भारतीय डिजाइन उद्योग तेजी से विस्तार कर रहा है और इसे नई दिशा देने के लिए उच्चस्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण की जरूरत है। साथ ही वित्तमंत्री ने कृषि क्षेत्र में किसानों को बेहतर सलाह और संसाधनों तक आसान पहुंच देने के लिए ‘भारत-विस्तार’ नामक बहुभाषी एआई टूल लाने का प्रस्ताव रखा। यह टूल कृषि पोर्टल्स और आईसीएआर पैकेज को एआई सिस्टम से जोड़कर किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने, जोखिम कम करने और सही फैसले लेने में मदद करेगा। उन्होंने बजट में एआई और नई तकनीकी नौकरियों और कौशल की जरूरतों ध्यान में रखते हुए ‘शिक्षा से रोजगार और उद्यमिता’ नाम से एक उच्च स्तरीय स्थायी समिति बनाने का ऐलान किया, जो इस असर का आकलन करेगी और जरूरी उपाय सुझाएगी।

Spread the love