केंदुआडीह में 12वें दिन भी गैस रिसाव जारी, खतरनाक स्तर पर कार्बन मोनोऑक्साइड

Crime

Eksandeshlive Desk

धनबाद : केंदुआडीह में चल रहा गैस रिसाव का संकट शुक्रवार को 12 वें दिन तक जारी रहा। गैस रिसाव को रोकने में सफलता नहीं मिल सकी है। वहीं क्षेत्र में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। इससे स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासी दीनानाथ सिंह ने बताया कि इलाके में लगातार जहरीली गैस निकल रही है और विशेषज्ञों की ओर से मिट्टी भरने का काम बहुत धीमी गति से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान से गैस रिसाव हो रहा है, उसके ठीक सामने दीवार खड़ी है। जब तक दीवार को हटाकर गहराई तक मिट्टी नहीं भरी जाती है, स्थिति किसी भी समय भयावह रूप ले सकती है।

बीसीसीएल की टेक्निकल टीम लगातार मीटर से गैस का स्तर माप रही है और शुक्रवार को मीटर में 900 यूनिट दर्ज किया गया है जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। इस बीच प्रशासन की ओर से अस्थायी स्थानांतरण की अपील के बावजूद स्थानीय लोग अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि वे तब तक कहीं नहीं जाएंगे जब तक गैस का गिराव पूरी तरह बंद नहीं हो जाता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल सिर्फ दिखावे के तौर पर रोजाना औपचारिक कार्य कर रहा है, जबकि वास्तविक समाधान की दिशा में गंभीर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

Spread the love