खालिदा जिया का बांग्लादेश के भविष्य के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

ढाका : बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया ने देश के बेहतर भविष्य और मुल्क में जम्हूरियत की स्थापना के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया। खालिदा जिया ने यह अपील ईद-उल-फितर और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ढाका में मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व अन्य से सोमवार को लंदन से वर्चुअली संबोधन में की। ढाका ट्रिब्यून की खबर के अनुसार, खालिदा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को ईद और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना दी। उन्होंने लोकतंत्र की स्थापना के लिए आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। यह कार्यक्रम गुलशन स्थित उनके कार्यालय में आयोजित किया गया। पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान भी लंदन से इसमें वर्चुअली शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने स्वागत भाषण दिया। खालिदा जिया ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी सदस्यों का बलिदान और संघर्ष व्यर्थ नहीं गया है और व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने सभी से लोगों के मताधिकार को सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं भी दीं। लंबे समय बाद सभी को देखकर वह भावुक हो गईं। उल्लेखनीय है कि वयोवृद्ध नेता खालिदा कई माह से लंदन में अपने बेटे के घर पर हैं। वह इलाज कराने लंदन गई थीं।

असम के मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश के मो. युनूस के बयान को बताया आपत्तिजनक : गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के उस बयान की कड़ी निंदा की है। जिसमें यूनुस ने पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों को ‘लैंडलॉक्ड’ बताने और बांग्लादेश को उनका समुद्री मार्ग का संरक्षक बताने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने इसे आपत्तिजनक और अस्वीकार्य बताया। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर मोहम्मद यनुस के बयान पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि यह बयान भारत के रणनीतिक ‘चिकन नेक’ कॉरिडोर की संवेदनशीलता को दर्शाता है। ऐतिहासिक रूप से, देश के भीतर भी कुछ तत्व इस गलियारे को तोड़कर पूर्वोत्तर को मुख्यभूमि से अलग करने की बातें कर चुके हैं, जो गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। उन्होंने इस क्षेत्र में मजबूत रेलवे और सड़क नेटवर्क विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि चिकन नेक कॉरिडोर के अंदर और आसपास बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नए इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण जरूरी है। साथ ही, ऐसे वैकल्पिक मार्ग भी खोजे जाने चाहिए, जो इस गलियारे पर निर्भरता कम कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन सही रणनीति और नवाचार के जरिए इसे संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मोहम्मद यूनुस के इस भड़काऊ बयान को हल्के में न लिया जाए, क्योंकि यह गहरे रणनीतिक मंसूबों और लंबे समय से चले आ रहे एजेंडे को दर्शाता है।

Spread the love