Eksandeshlive Desk
तेहरान : अमेरिका-इजराइल के हमले में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के उत्तराधिकारी के रूप में उनके दूसरे बेटे मोजतबा खामेनेई के नाम पर सहमति बन गई है। इसे लेकर पवित्र शहर कोम में 88 सदस्यों वाली ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ (विशेषज्ञों की सभा) में मतदान हो चुका है। ईरान इंटरनेशनल अखबार ने सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा कि असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स गुरुवार को एक आपात सत्र में मोजतबा खामेनेई को आधिकारिक नेता के तौर पर घोषित करेगी। यह सत्र ईरान इंटरनेशनल की उस रिपोर्ट के दो दिन बाद आहूत किया गया है, जिसमें कहा गया था कि असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के दबाव में मोजतबा खामेनेई को अगला नेता चुना है।
असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के प्रतिनिधियों के ऑफिस के दो सूत्रों ने बताया कि कम से कम आठ सदस्य गुरुवार के सत्र में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने इस चयन का विरोध किया है। खामेनेई का वारिस चुनने के लिए आपात बैठक कोम शहर में असेंबली बिल्डिंग पर इजराइली हमले के समय से पहले खत्म हो गई थी। गुरुवार की बैठक ऑनलाइन होगी। इसे कोम में फातिमा मासूमेह की दरगाह के पास एक इमारत से संचालित किया जाएगा। मोजतबा के चयन से नाखुश प्रतिनिधि नए सिरे से मतदान कराने की मांग कर सकते हैं। सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बघेरजादेह की मौत भी मौत हो चुकी है। उन्होंने अपना आखिरी दिन कोमा में सेंट्रल तेहरान में पाश्चर एवेन्यू पर अपने घर के पास एक हॉस्पिटल में बिताया। उनका घर (कंपाउंड) अब पूरी तरह तबाह हो चुका है। खामेनेई दंपति के छह संतानों में चार बेटे 1979 की क्रांति से पहले और दो बेटियां बाद में पैदा हुईं। एक बेटी होदा भी हमले में मारी जा चुकी है। इस बीच ईरान की एक अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने कहा है कि इस्लामिक क्रांति के शहीद नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की योजना बनाई जा रही है। ईरान की मंत्रिपरिषद अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद 40 दिनो के राष्ट्रीय शोक की घोषणा पहले ही कर चुकी है।
