खेल अनुशासन, दृढ़ता, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाते हैं: राज्यपाल

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी महत्वपूर्ण पाठ सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ी न केवल अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक भी हैं। राज्यपाल शुक्रवार को रांची के होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इनडोर स्टेडियम में आयोजित 28वें सब-जूनियर राष्ट्रीय सेपक टकरा चैंपियनशिप–2026 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल ने कहा कि सेपक टकरा खेल को देश में तेजी से पहचान मिल रही है और झारखंड इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “खेलो इंडिया” जैसे अभियानों से देश में खेलों को नई ऊर्जा और दिशा मिली है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। राज्यपाल ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और अन्य प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने आयोजन समिति, प्रशिक्षकों और सभी सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love