खेलो झारखंड एवं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर खेल संघों के साथ बैठक सम्पन्न

Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद में आज राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन की अध्यक्षता में झारखंड ओलंपिक संघ के पदाधिकारीगण एवं 26 खेल संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी खेलो झारखंड तथा 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के पाँच खेलों की मेजबानी को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने को लेकर विशेष चर्चा की गई। इस अवसर पर झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में खेलो झारखंड की सफलता में आप सभी संघों का योगदान सराहनीय रहा है। इस बार भी हम आपके सहयोग से राज्य को खेल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के बाद चयनित खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान देना होगा ताकि वे आगामी प्रतियोगिताओं में राज्य के लिए पदक जीतकर गौरव बढ़ा सकें। बैठक में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दुबे तथा राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्य उपस्थित थे। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने जानकारी दी कि खेलो झारखंड के सफल आयोजन को लेकर कल दिनांक 12 सितम्बर को जिला खेल कोषांग की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 24 जिलों के खेल कोषांग के सदस्य शामिल होंगे।

Spread the love