Eksandeshlive Desk
खूंटी : खूंटी थानांतर्गत सिलादोन बगीचा टोली गांव में गत तीन फरवरी को दबगना गांव निवासी भीमसेंट नाग नामक 40 वर्षीय ग्रामीण की हुई हत्या में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इस ब्लाइंड केस का खुलासा कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिलादोन बगीचा टोली निवासी रोहित प्रधान उर्फ मादी (20) और प्रभु सहाय रंताय (30) शामिल हैं। पुलिस के समक्ष आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि आपसी विवाद के कारण भीमसेंट नाग की धारदार हथियार टांगी से मारकर हत्या की गई थी। यह जानकारी खूंटी एसडीपीओ वरुण रजक ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। एसडीपीओ ने बताया कि तीन फरवरी को भीमसेंट का शव मिलने के बाद उसके स्वजनों के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अफीम के फल में चीरा लगाता एक आरोपी गिरफ्तार, 250 ग्राम अफीम बरामद
जिले के सायको थानांतर्गत जिउरी गांव में अफीम के फल में चीरा लगाते हुए एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 250 ग्राम अवैध अफीम भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी कोंता मुंडा (24 ) मूल रूप से रांची के तमाड़ थानांतर्गत प्रतापपुर गांव का निवासी है। वह जिउरी गांव स्थित अपनी ससुराल में रहकर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था। यह जानकारी खूंटी एसडीपीओ वरुण रजक ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। बताया गया कि रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि जिउरी गांव में हॉकी मैदान से आगे पहाड़ की तलहटी पर अवैध रूप से अफीम की खेती की गई है। खेत में तैयार अफीम के फल में कुछ लोगों की ओर से चीरा लगाने और उससे अफीम निकालने का कार्य किया जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वहां छापामारी की और अफीम के फल में चीरा लगा रहे उक्त आरोपी को मौके पर धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध सायको थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक विरासत में भेज दिया गया। छापेमारी टीम में सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडे, सायको थाना के एएसआई यदु उरांव, हवलदार प्रदीप सांगा सहित अन्य आरक्षी और सैट बल के जवान शामिल थे।
पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
अड़की थाना क्षेत्र कोचांग कोईजरी गांव में नागी सोय नामक 40 वर्षीय महिला की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोपी पति डेका सोय उर्फ बिरसा सोय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपी पति ने पत्नी की हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि आपसी विवाद के कारण उसने चाकू मारकर अपनी पत्नी नागी सोय की हत्या कर दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया।