Eksandeshlive Desk
कोडरमा : जिले के जयनगर प्रखंड क्षेत्र के खरियोडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम पिसपिरो में हाथी ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान रविंद्र यादव उर्फ नन्कू यादव (55) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि नन्कू यादव सुबह शौच करने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान हाथी ने उन्हें कुचलकर मार डाला। जयनगर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में हाथियों का यह पहला आतंक नहीं है। विगत एक वर्षों में लगभग आधा दर्जन से अधिक व्यक्तियों को हाथियों ने अपना शिकार बनाया है। वन विभाग के अधिकारी केडी प्रसाद, अनिल कुमार साव, जयनगर थाना प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचकर मृतक परिजनों को विभाग से मिलने वाली सहायता राशि 25 हजार दिये और शेष पैसे देने का भरोसा दिलाया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि : पूर्व सांसद प्रतिनिधि रामजी यादव ने कहा कि निश्चित रूप से यह एक दर्दनाक घटना है और ऐसी घटना अक्सर जयनगर प्रखंड क्षेत्र में हो रही है। कहीं ना कहीं प्रशासन की लापरवाही है। घटना की जानकारी के बाद प्रशासन पहुंचती है और अपना फॉर्मेलिटी निभाती है। परंतु घटना होने के बाद, यह समझ से परे है। जिप सदस्य केदारनाथ यादव ने कहा कि यह बहुत ही दर्दनाक घटना है सुबह-सुबह इस घटना की जानकारी हुई। उन्होंने जंगल विभाग को इसका जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि निश्चित तौर पर यदि वन विभाग इस पर सक्रिय होकर कोई सार्थक पहल करता तो इस तरह की घटनाएं आए दिन नहीं घटती। युवा नेता चंदन यादव ने कहा कि ऐसी घटना से थाना क्षेत्र के लोग दहशत में जीने को विवश हैं। उन्होंने कहा हाथियों का आतंक दिन प्रतिदिन जारी है जिसके कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने को भी डर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अतिशीघ्र उचित कार्यवाही करने की मांग किया, ताकि लोग हाथियों की दहशत में न रहे। मौके पर समाजसेवी अशोक यादव, राजू यादव, पवन यादव, रामसहाय यादव, प्रकाश यादव, मनोज रविदास, मनोज सिंह, रंजीत यादव, सरजू यादव, महेंद्र यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।