कोटाम पंचायत में “केसरा चढ़ा जतरा महोत्सव” संपन्न

Ek Sandesh Live In Depth Religious SOCIETY States

EkSandeshLive Desk
लातेहार: गारू प्रखंड अंतर्गत कोटाम पंचायत में शुक्रवार को पारंपरिक “केसरा चढ़ा जतरा महोत्सव” धूमधाम से संपन्न हुआ। यह महोत्सव आदिवासी संस्कृति व परंपराओं का जीवंत उदाहरण है। जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों विधायक रामचंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य जीरा देवी, थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, प्रखंड प्रमुख सीता देवी तथा सांसद प्रतिनिधि मंगल उरांव ने फीता काटकर किया। महोत्सव के दौरान केसरा चढ़ा व साल्वे ग्राम के समीप स्थित पहाड़ी जंगल में विराजमान देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना गांव के बैगा व अन्य प्रमुख ग्रामीणों ने विधि-विधान से किया। महोत्सव में कबरी, रुद, करवाई, बारेसाड़, मायापुर, चोरहा, घासीटोला, गणेशपुर सहित अन्य दर्जनों गांवों से लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में आदिवासी पारंपरिक नृत्य, गीत व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों ने अपनी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूजा समिति की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। प्रत्येक वर्ष महोत्सव के अवसर पर एक भव्य मेला लगता है। जिसमें आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग शामिल होते हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता व सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

Spread the love