Eksandeshlive Desk
खूंटी : स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में 31 जनवरी और एक फरवरी तक टाना भगत इंडोर स्टेडियम रांची में आयोजित झारखंड ओपन कराटे चैंपियनशिप में खूंटी जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे लोयोला हाई स्कूल परिसर में स्थित कराटे सेंटर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल चार स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में अमर उरांव ने अंडर-21 और सीनियर वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दोहरा स्वर्ण पदक जीतकर सभी को प्रभावित किया। वहीं जयस राज ने 12 वर्ष आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इसके अलावा सुशील नाग और शिवम सिंह ने 13 वर्ष आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया, जबकि ऐमन असदक ने 13 वर्ष आयु वर्ग (60 किलोग्राम भार वर्ग) में रजत पदक प्राप्त किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। वहीं जिला कराटे संघ अध्यक्ष सह कोच हेजाज असदक ने मंगलवार को बताया कि खूंटी जिले के खिलाड़ी निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन पदकों ने यह साबित कर दिया है कि हमारे खिलाड़ी राज्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
