क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, खेल जगत में शोक की लहर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में शुक्रवार सुबह 4.36 बजे निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे और लिवर कैंसर से पीड़ित थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चेन्नई से रिंकू सिंह टीम कैंप छोड़कर घर लौट गए हैं। देवजीत सैकिया ने रिंकू सिंह के पिता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड इस कठिन समय में रिंकू और उनके परिवार के साथ खड़ा है।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में कहा कि क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं रिंकू सिंह और उनके समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने लिखा कि यह खबर दिल तोड़ने वाली है और ऐसे समय में शब्द पर्याप्त नहीं होते, लेकिन पूरा क्रिकेट समुदाय रिंकू और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि यह रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन समय है और उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व परिवार को साहस देने की प्रार्थना की। पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपने संदेश में कहा, “रिंकू, आपके पिता के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। उन्होंने कई त्याग कर एक मजबूत और बेहतरीन बेटे का पालन-पोषण किया, यही उनकी सबसे बड़ी विरासत है। मजबूत बने रहें, मेरी प्रार्थनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं।”

पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने लिखा, “भाई, आपके पिता के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ। मेरी हार्दिक संवेदनाएं स्वीकार करें। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और आपको इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।” शिखर धवन ने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में रिंकू और उनके परिवार के साथ हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने भी अपने संदेश में गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में उनकी प्रार्थनाएं रिंकू और उनके परिवार के साथ हैं। रिंकू के पिता खानचंद सिंह अलीगढ़ में एलपीजी सिलेंडर वितरण का कार्य करते थे। क्रिकेट जगत से मिल रही भावभीनी श्रद्धांजलियों के बीच पूरा देश इस दुख की घड़ी में रिंकू सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ा है।

Spread the love