करम महोत्सव 31 अगस्त को, राज्यपाल और मंत्री होंगे शामिल

CULTURE

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : कुड़मी समाज के वार्षिक सांस्कृतिक पर्व करम महोत्सव का आयोजन इस वर्ष 31 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में धूमधाम से किया जाएगा। रविवार को आयोजन की तैयारियों को लेकर सोनारी सी.पी. क्लब में कुड़मी सेना की बैठक केंद्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पिछले वर्ष के आयोजन की समीक्षा के साथ इस बार के कार्यक्रम को और भव्य बनाने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री और झारखंड जदयू के प्रभारी श्रवण कुमार उपस्थित रहेंगे। महोत्सव में झारखंड, बिहार, बंगाल और ओडिशा के लोग बड़ी संख्या में जुटेंगे।

बैठक में झारखंड आंदोलनकारी उमानाथ झा, प्रदेश अध्यक्ष विशाल महतो, हराधन प्रमाणिक, गणेश गोप, प्रवीर महतो, सूरज महतो, विष्णुदेव महतो, अजय महतो, प्रेम महतो, विजय महतो, विकास महतो, नीलाम्बर महतो, कार्तिक महतो, देव महतो, प्रशांत महतो सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। संगठन के महासचिव एवं सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता अरविंद कुमार महतो ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत करम पूजा से होगी, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में झारखंड, बिहार, बंगाल और ओडिशा के सांसदों व विधायकों को “कुड़मी रत्न” सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके लिए पांच सदस्यीय चयन पैनल का गठन किया गया है। पिछले वर्ष कला, पुलिस एवं प्रशासनिक सेवा, विधि और खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को यह सम्मान दिया गया था।

Spread the love