Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में गुरुवार देर रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कुख्यात तौकीर उर्फ़ गोरा की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार शास्त्रीनगर रोड नंबर-2 स्थित मस्जिद के पास तौकीर खड़ा था, तभी दो बदमाश बाइक से पहुंचे। पहले उस पर धारदार हथियार से वार किया गया और फिर करीब से कई राउंड गोली चलाई गई। गोलियां लगने के बाद तौकीर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोग और परिजन उसे तुरंत टीएमएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर पांच गोलियों के निशान मिले हैं। वहीं इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी मसूद इकबाल उर्फ़ अयान पुलिस के शिकंजे में आ गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्तौल बरामद की है, जबकि घटनास्थल से छह खोखे भी जुटाए गए हैं।
हत्या को लेकर आपसी रंजिश की आशंका : तौकीर उर्फ़ गोरा को मर्दाना गैंग का सक्रिय सदस्य माना जाता था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हाल ही में वह जेल से छूटकर बाहर आया था। उसकी हत्या को लेकर आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। घटना की सूचना पर कदमा थाना की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे मिले हैं। आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फायरिंग के बाद शास्त्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल है। अस्पताल में मौजूद परिजन और परिचित सदमे में हैं। एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरेे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूरी वारदात पुराने विवाद के बदले की नीयत से की गई।
तौकीर उर्फ़ गोरा हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्तौल बरामद : शुक्रवार को प्रेस वार्ता में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि तौकीर और अयान के बीच लंबे समय से तनातनी चली आ रही थी। सितंबर माह में तौकीर ने अयान पर चापड़ से हमला किया था, जिसे लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। उसी विवाद को निपटाने के लिए गुरुवार रात अयान और उसके साथियों ने मिलकर तौकीर की हत्या की योजना बनाई। घटना की रात आरोपी कार से मौके पर पहुंचे और तौकीर को घेरकर अयान ने पिस्तौल से लगातार छह गोलियां दागीं। गोलियों के बाद उस पर चापड़ से भी हमला किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अयान को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। शिवाशीष ने बताया कि तौकीर खुद भी कई गंभीर मामलों में आरोपी था। इस साल उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और मारपीट जैसे आरोपों में तीन मामले दर्ज हुए थे। फिलहाल अयान को जेल भेज दिया गया है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
