लौह अयस्क से भरा डंपर ई-रिक्शा पर पलटा, दो की मौत और पांच गंभीर

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : जिले में शनिवार तड़के चाईबासा–हाता मुख्य मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार लौह अयस्क से भरा डंपर ई-रिक्शा पर पलट गया। यह घटना राजनगर थाना क्षेत्र के चालियामा स्थित रुंगटा प्लांट के पांच नंबर गेट के पास हुई। हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में ई-रिक्शा चालक के भी शामिल होने की आशंका है। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया है।

रुंगटा माइंस से लौह अयस्क लेकर डंपर सुबह करीब 5.30 बजे प्लांट में प्रवेश करने ही वाला था कि अचानक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर जा पलटा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर के पलटते ही जोरदार धमाका हुआ और ई-रिक्शा पूरी तरह दब गया। स्थानीय लोगों और पुलिस-प्रशासन की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। भारी मशीनों की मदद से डंपर हटाने और उसके नीचे फंसे लोगों को निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट के प्रवेश मार्ग पर सड़क काफी उबड़-खाबड़ है, जिससे डंपर का संतुलन बिगड़ गया होगा। कई बार कर्मचारियों और ग्रामीणों द्वारा सड़क मरम्मत की मांग भी उठाई गई थी, लेकिन सुधार नहीं होने से ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने मार्ग को खाली कराने और यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिया हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर चालक, वाहन की स्थिति और सड़क की परिस्थितियों की जांच की जाएगी। शुरुआती जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love