सफल छात्रों को अभिभावकों व गुरुजनों ने मिठाई खिलाकर बढ़ाया उत्साह
अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत का परिणाम एक बार फिर प्रतापपुर के विधायक मोहल्ला स्थित लक्ष्य कॉम्पटेटिव कोचिंग सेंटर में देखने को मिला है। संस्थान के छात्रों ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में अपना परचम लहराते हुए क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
इस वर्ष आयोजित प्रवेश परीक्षा में संस्थान से कुल चार छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से तीन छात्रों ने सफलता प्राप्त की। सफल विद्यार्थियों में सहायक अध्यापक भौराज संतोष कुमार शर्मा की द्वितीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी, ग्रामीण चिकित्सक किशोर कुमार की पुत्री रचिता कुमारी तथा दीपक कुमार के पुत्र आयुष कुमार शामिल हैं। विशेष रूप से लक्ष्मी कुमारी की सफलता परिवार और संस्थान दोनों के लिए गर्व की बात है। उल्लेखनीय है कि संतोष कुमार शर्मा की बड़ी पुत्री रूपा कुमारी ने भी इसी संस्थान से तैयारी कर पूर्व में नवोदय विद्यालय में स्थान प्राप्त किया था और वर्तमान में वहीं अध्ययनरत हैं।
मिठाई खिलाकर मनाया जश्न
छात्रों की इस उपलब्धि पर कोचिंग संस्थान में खुशी का माहौल देखने को मिला। संस्थान के संचालक दीपक कुमार सिंह और अभिभावकों ने सफल छात्रों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर संचालक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत और संस्थान के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बेहतर सुविधाओं के साथ कोचिंग संस्थान को जल्द ही कसमार स्थित शर्मा कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि छात्रों को और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व युवा जिला अध्यक्ष मोतीलाल पासवान उपस्थित रहे।वहीं अभिभावकों में चिकित्सक किशोर कुमार, शिक्षक संतोष शर्मा, दीपक गुप्ता, राकेश यादव सहित कई ग्रामीण एवं शिक्षाप्रेमी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
