मैजिक पिकअप में लदा अवैध गौमांस को पुलिस ने पकड़ा, दो गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

दुमका : जिला के जामा थाना पुलिस ने जामा चौक पर अवैध गौमांस से लदा मैजिक वाहन सहित दो को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि देवघर की तरफ से एक मैजिक गाड़ी में अवैध गौमांस लोड कर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस जामा चौक पर बैरिकेटिंग कर उक्त सफेद मैजिक को पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन मैजिक तेज गति से पालोजोरी के तरफ भागने लगा। पुलिस ने गाड़ी का पीछा कर जामा हाई स्कूल के पास मैजिक को रोका। गाड़ी के चालक से सख्ती से पूछे जाने पर उसने बताया कि गाड़ी में अवैध गौमांस लोड है। इसके बाद गाड़ी को जब्त कर चालक एवं खलासी को गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया। जहां चालक से पूछे जाने पर उसने बताया कि बिहार के समस्तीपुर के ताजपुर से अवैध गौमांस लोड कर बंगाल के मुर्शिदाबाद जा रहा था।

पुलिस ने बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के चालक मुहम्मद समीउल्लाह एवं समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के व्यापारी मुहम्मद आलमगीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मैजिक के चालक ने बताया कि मुहम्मद नासिरुलाह एवं उक्त गाड़ी के मालिक मुहम्मद इबराज जो समस्तीपुर के ताजपुर का रहनेवाला है वहीं से उक्त प्रतिबंधित गौमांस लाद कर बंगाल के मुर्शिदाबाद के बेलडंगा के लंबू राजू के यहां पहुंचाना था। इसके बाद प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी को सूचित किया गया। उन्होंने आकर उक्त मांस का पहचान किया। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध गौमांस से लदा मैजिक गाड़ी के साथ दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है। मामले में बीएनएस की धारा और झारखंड गौवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम 2005 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार उक्त अवैध गौमांस को दंडाधिकारी की उपस्थिति में डिस्पोजल कर दिया गया है।