Eksandeshlive Desk
Ranchi : प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के जनता दरबार में आज बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। करीब 290 आवेदन दर्ज किए गए, जिनमें से कई मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया।
जनता दरबार में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास, दिव्यांग पेंशन और जमीन के दाखिल-खारिज जैसे मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की गई। ऑन स्पॉट समाधान मिलने के बाद फरियादियों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
मांडर निवासी कलीम अंसारी की 9 वर्षीय दिव्यांग पुत्री आलिया अंजुम को जनता दरबार में ही दिव्यांग पेंशन स्वीकृत हुआ। इसी तरह रामपाल उरांव और बेलस टोप्पो की जमीन से संबंधित समस्याओं का भी समाधान किया गया। कई महीनों से सरकारी दफ्तर का चक्कर काट रहे बेलस टोप्पो की जमीन का गलत प्लॉट नंबर मौके पर सुधार दिया गया। वहीं, मुनी उराइन और सरिता बाड़ा को भी दाखिल-खारिज और रसीद कटाने की समस्या से राहत मिली।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा –जनता अपने जनप्रतिनिधि और सरकार से उम्मीद रखती है, उन उम्मीदों पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता है।”
उन्होंने यह भी बताया कि कई योजनाओं में आवेदक की त्रुटिपूर्ण जानकारी या नीतिगत कारणों से कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो पाता है, लेकिन जनता को निराश होने की जरूरत नहीं है।
जनता दरबार में मांडर प्रखंड के BDO सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, जमील मल्लिक, सरिता तिग्गा, सेराफिना मिंज, शमीम अख्तर, तबारक खान, नसीम अंसारी, आबिद अंसारी, होसे उरांव और सुका उरांव उपस्थित रहे।
