मंत्री और मुख्य सचिव ने किया खंडोली वाटर फॉल का निरीक्षण

360°

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह : गिरिडीह जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रमुख पर्यटक स्थलों का समुचित विकास करने के उद्देश्य से सोमवार को नगर विकास मंत्री सुदिप्य कुमार और मुख्य सचिव अलका तिवारी ने उसरी वाटर फॉल और खंडोली डैम पर्यटन स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर उपायुक्त, रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त, सहित अन्य कई विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के क्रम में उसरी वाटर फॉल और खंडोली डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई। मौके पर सुदिव्य कुमार ने कहा कि जिले के दो प्रमुख स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में और बेहतर और विकसित करने को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां सुनिश्चित कराई जा रही हैं। जिससे कि यहां के स्थानीय को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो और पर्यटन को बढ़ावा मिलें। मंत्री ने दोनो स्थलों पर इको-टूरिज्म को विकसित करने पर भी विचार किया गया। मंत्री ने कहा कि उसरी वाटर फॉल और खंडोली डैम पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी संबंधित विभाग,अधिकारी, कार्यकारी एजेंसी आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाएं, जिससे कि यहां स्थानीय ग्रामीणों को इसका लाभ मिलें। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव अलका तिवारी ने कहा कि गिरिडीह जिले में पर्यटन के बहुत संभावनाएं है। इसे राज्य सरकार की ओर से विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता मनोहारी है। उन्हाेंने कहा कि मंत्री के सहयोग से पर्यटन के क्षेत्र में काफी बेहतरी करने के प्रयास किये जा रहे है। मौके पर मौजूद गिरिडीह उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों को विकसित करने के दिशा में प्रयासरत है। जिले के पर्यटन स्थलों के विकास से यहां पर पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।

उपायुक्त ने खंडोली डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सारी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खंडोली डैम के चारों तरफ कनेक्टिविटी पर काम किया जायेगा। डैम के चारों तरफ पर्यटक घुमकर प्राकृतिक घटा का आंनद उठा सके। इसके लिए पहुंच पथ का निर्माण कराया जायेगा। डैम के नीचे नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा ताकि पर्यटकों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही पर्यटक नदी के इस पार से उस पर का आनंद उठा सके। इसके अलावे मधवाडीह से खंडोली मोड़ को जोडने वाली बाईपास पथ का भी निर्माण कराया जायेगा। बरियारपुर तक कॉरिडोर बनाया जाएगा। साथ ही पर्यटकों के लिए इसे और भी आकर्षक बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रविवार को राज्य प्रमुख सचिव दो दिवसीय प्रवास के क्रम में गिरिडीह पहुंची थी। इस दौरान रविवार को सम्मेद शिखार-पारसनाथ पर्वत पर स्थित संताल समाज के प्राचीन तीर्थ स्थल मरांग बुरु जुग जाहेर थान का भी निरीक्षण किया था।

Spread the love