मंत्री दीपक खड़का ने रूपाताल संरक्षण के कार्य को तेजी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का दिया निर्देश

360° Ek Sandesh Live Politics

आशुतोष झा

काठमांडू: ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री दीपक खड़का ने रूपाताल संरक्षण के कार्य को तेजी से एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया है। कास्की में स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन प्रबंधन परियोजना के निरीक्षण के दौरान मंत्री खड़का ने परियोजना में आवश्यक जनशक्ति जोड़कर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रूपाताल के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए काम समय पर पूरा किया जाना चाहिए। मंत्री खड़का ने कहा, “नदी संरक्षण के काम में देरी नहीं होनी चाहिए। मंत्रालय इसे समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा”।

वर्तमान में रूपताल संरक्षण परियोजना के तहत 590 मीटर मिट्टी और 45 मीटर कंक्रीट बांध का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद झील का क्षेत्रफल 122 हेक्टेयर से बढ़कर 183 हेक्टेयर होने की उम्मीद है।
परियोजना के लिए 1100 एकड़ जमीन अधिग्रहण का लक्ष्य रखा गया है, अब तक 900 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जा चुकी है। प्रोजेक्ट के प्रमुख विदुरमान के मुताबिक, बाकी प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। मंत्री खड़का के साथ निगरानी टीम में नेपाली कांग्रेस के महासचिव विश्वप्रकाश शर्मा, संयुक्त महासचिव जीवन परियार, कांग्रेस के केंद्रीय सदस्य यज्ञ बहादुर थापा समेत अन्य नेता शामिल हुए।