मध्य प्रदेश के भिंड में बस और वैन की टक्कर, 5 लोगों की मौत, 6 गंभीर घायल

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

भिंड : मध्य प्रदेश के भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद थाना क्षेत्र के ग्राम छींमका के पास शनिवार तड़के तेज रफ्तार बस और ईको वैन की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार बस भिंड में बारात छोड़कर वापस ग्वालियर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भिंड-ग्वालियर हाईवे पर छींमका गांव के पास शनिवार तड़के 4 बजे सामने से आ रही वैन से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में वैन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही एक ने दम तोड़ दिया। शेष छह घायलों को एम्बुलेंस से गोहद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जयारोग्य हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है।

सभी मृतकों की पहचान, पुलिस जांच में जुटी

गोहद थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि सभी मृतकों की पहचान हो गई है। मृतकों में प्रदीप प्रजापति पुत्र रामप्रकाश, उसका भांजा अतुल शिवहरे, निवासी फूप, जगदीश भदौरिया, निवासी स्योड़ा, गांव अकोड़ा, आनंद भदौरिया, पुत्र मुकेश भदौरिया, निवासी परसोना गांव और वैन चालक भरत तिवारी निवासी इटाली गांव शामिल हैं। इसके अलावा, केतु (10) पुत्र संतोष निवासी गांव- मोरोली, संतोष (37) पुत्र कल्याण निवासी गांव-मोरोली, मेवाराम (61) पुत्र बाबुराम निवासी धार का पुरा गोहद, रमलाक्खन (59) पुत्र भागीरथ निवासी मेहगांव, मीरा पत्नी सुरेंद्र (61) निवासी भिंड और सुखवीर पुत्र/श्री (50) निवासी कल्याणपुरा भिंड घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस परिजन का पता लगाने के लिए दस्तावेजों और वाहन नंबर के आधार पर जांच कर रही है। जिस जगह हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़ है। हो सकता है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में हों। मृतकों के शव पोस्टमार्टम भिजवा दिए गए हैं और हादसे की जांच जारी है। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। भिंड जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) असित यादव ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर मामलों को ग्वालियर रेफर किया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गोहद अस्पताल भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाईवे पर भीषण हादसा: अहमदाबाद के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

अहमदाबाद : उत्तर गुजरात में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार तड़के उंझा-मेहसाणा हाईवे पर उनावा गांव के पास होटल कॉमफी के सामने एक सड़क दुर्घटना में अहमदाबाद के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कुमावत परिवार राजस्थान में एक विवाह समारोह में शामिल होकर इको कार से अहमदाबाद लौट रहा था। इसी दौरान उनावा के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दो पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्चे सहित कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामलाल लखाजी कुमावत, कोमल मदनलाल कुमावत, कैलाशभाई रामलाल कुमावत और एक बच्चे के रूप में हुई है। वहीं, कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही उनावा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

Spread the love