मेघालयः पूर्वी जयंतिया हिल्स के अवैध कोयला खदान में विस्फोट के बाद लगी आग, असम के कई मजदूरों की मौत

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

शिलांग : मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में एक अवैध कोयला खदान में गुरुवार को विस्फोट के बाद अचानक आग लग गयी। इस हादसे में कई मजदूरों के मारे जाने की सूचना है, जबकि तीन की पहचान कर ली गई है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की एक टीम गुवाहाटी से रवाना हो गयी है। माना जा रहा है कि हादसे में मारे गये सभी मजदूर असम के थे। यह विस्फोट खदान के अंदर हुआ, जिससे साइट पर काम कर रहे मजदूरों को गंभीर चोटें आने और आग के चलते उनकी मौत हो गई। खदान से भारी मात्रा में काला धुंआ निकल रहा है। खदान काफी गहरी बतायी गयी है।

अब तक चार मौतों की पुष्टि की जा रही है, जिनमें तीन मृत मजदूरों की पहचान कर ली गई है। इसमें असम के काटिगोरा के बिहारा गांव निवासी फारूक अहमद और शरिशा कुरी गांव निवासी दिलदार हुसैन व अनवरा हुसैन के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी असम के प्रवासी मजदूर थे। अधिकारियों को डर है कि बचाव और राहत अभियान जारी रहने के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस के शुरुआती बयानों में हताहतों की खबरों को कम बताया गया था, लेकिन बाद के घटनाक्रमों, जिसमें अस्पताल के रिकॉर्ड भी शामिल हैं, जिसने कई मौतों की पुष्टि की। वहीं, मेघालय पुलिस ने इलाके में बचाव अभियान शुरू कर दिया है और विस्फोट के सही कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि खदान के अंदर डायनामाइट का इस्तेमाल किया गया होगा, जो अवैध रूप से चल रही थी।

Spread the love