महालया पर लोकगायक राहुल राज की एल्बम देवलोक से भवानी का हुआ भव्य लोकार्पण

Entertainment

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : आसिन माह के महालया के अवसर पर लोकगायक राहुल राज की नई एल्बम देवलोक से भवानी का लोकार्पण रविवार को मानगो डिमना रोड स्थित होटल डी.एस. इंटरनेशनल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने दीप प्रज्वलित कर और लैपटॉप में क्लिक कर विधिवत किया। लोकगायक राहुल राज ने बताया कि यह उनका दूसरा एल्बम है। इससे पहले सावन माह में गाए गए शंकर भगवान के भजन को लोगों ने खूब सराहा था।

एल्बम में मां शेरावाली को समर्पित कुल छह गाने शामिल : दिहाड़ी मजदूरी करने वाले राहुल राज मजदूरी के साथ-साथ पिछले दस वर्षों से संगीत का ट्यूशन देते हैं और बच्चों को निःशुल्क संगीत सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही गाने का शौक था, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण बड़ा मंच नहीं मिल पाया। यूट्यूब चैनल पर आज से देवलोक से भवानी एल्बम उपलब्ध है, जिसे आम जनता आसानी से सुन और देख सकेगी। इस एल्बम में मां शेरावाली को समर्पित कुल छह गाने शामिल हैं, जिन्हें रितिक सिंह ने लिखा है। गानों को राहुल राज और महिला गायिका प्रिया सिंह ने स्वर दिया है। लोकार्पण समारोह में मुख्य रूप से विकास सिंह, राहुल गुप्ता, रितिक सिंह, प्रिया सिंह, प्रोफेसर यू.पी. सिंह, छोटेलाल सिंह, संदीप शर्मा और कमलेश सिंह उपस्थित रहे।

Spread the love