Eksandeshlive Desk
मुंबई : महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी में एक अनियंत्रित कार बीती रात कुंए में गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। नासिक पुलिस की टीम ने शनिवार सुबह तक सभी शव कुएं से निकाल लिए। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि नासिक जिले के शिवाजी नगर इलाके में स्थित एक स्कूल में आयोजित प्रोग्राम में शामिल होने के लिए दरगोड़े परिवार गया था। वहां से लौटते समय शुक्रवार रात करीब 10 बजे दरगोड़े परिवार की कार अचानक अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कुआं पानी से भरा होने और रात होने की वजह से शुरू में रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आई। सुबह क्रेन की मदद से डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने कार और सभी शवों को कुएं से बाहर निकाल लिया है।
कुएं के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान : महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी में एक कुएं में हुए हादसे के बाद पुलिस ने कुएं के मालिक राजेंद्र राजे के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। साथ ही प्रदेश सरकार ने इस घटना में मृतकों के परिवार के लोगों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है। इस घटना के बाद महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन और मंत्री नरहरि झिरवल ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। महाजन ने कहा कि इस घटना की जांच का भी आदेश मुख्यमंत्री ने दिया है। साथ उन्होंने जिला प्रशासन को इस खतरनाक बन चुके कुएं को तत्काल बंद करने का भी आदेश दिया है। यही नही अब सरकार सडक किनारे स्थित सभी कुओं का सर्वें भी कराएगी। मंत्री नरहरी झिरवाल ने कहा, “आज डिंडोरी के लिए ‘काला दिन’ है। एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत बहुत गंभीर घटना है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। कुएं के मालिक ने घर को कंपाउंड किया था, तो उसने कुएं की सुरक्षा क्यों नहीं की? साथ ही, नगर पालिका ने कुएं तक जाने वाली सडक़ को वहीं खत्म कर दिया, वहां सुरक्षा दीवार बनवानी ज़रूरी थी। झिरवल ने बताया कि इस मामले में कुएं के मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कुएं में जाल और एंगल थे, लेकिन किसी ने उन्हें हटा दिया : कुएं के मालिक के रिश्तेदार एडवोकेट विक्रम राजे ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया, “यह कुआं 1972 का है और इस कुएं ने सूखे के दौरान पूरे गांव को पानी दिया है। कुएं में जाल और एंगल थे, लेकिन किसी ने उन्हें हटा दिया। हमने नगर पंचायत से इस सडक़ पर जाल लगाने की भी मांग की है, लेकिन तब तक यह दुखद घटना हो गई।” उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को डिंडोरी के एक स्कूल में प्रोग्राम में शामिल होने के बाद इंदोरे गांव के 9 लोग कार से अपने घर लौट रहे थे। लेकिन रात करीब 10 बजे शिवाजी नगर इलाके में राजू राजे के कुएं के पास ड्राइवर का कार से कंट्रोल खो गया। इसके बाद तेज रफ्तार कार सीधे पानी से भरे कुएं में जा गिरी। इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में मृतकों की पहचान सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (32), रेशमा सुनील दरगोड़े (27), आशा अनिल दरगोड़े (32), गुणवती सुनील दरगोड़े (11), श्रेयश अनिल दरगोड़े (11), श्रवणी अनिल दरगोड़े (11), सृष्टि अनिल दरगोड़े (14), समृद्धि राजेंद्र दरगोड़े (7) और श्रद्धा अनिल दरगोड़े (13) के रूप में की गई है।
