Eksandeshlive Desk
रांची : राष्ट्रपिता महत्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को झारखंड सहित पूरा राष्ट्र उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और बाबूलाल मरांडी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर उनके विचारों को याद किया। हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी में बापू वाटिका स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए काफी मायने रखता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार एवं आदर्श से हमें मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उनके विचारों से देशवासियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बीच ऐसे अनेकों महापुरुष हुए हैं, जिनके पदचिन्हों पर चलकर आगे बढ़ सकते हैं। बापू को शत-शत नमन।
बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी तथा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। मरांडी ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि सत्य, अहिंसा, त्याग और तपस्या की प्रतिमूर्ति राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रध्दांजलि। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए लिखा कि सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और मानवता के उपासक, हम सब के आदर्श राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्मृति दिवस पर उन्हें शत शत नमन। बापू ने अहिंसा और स्वच्छता का जो संदेश दिया है, वह अनंतकाल तक विश्व को दिशा दिखाता रहेगा।