Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार ने गुरुवार को बड़ी गिरावट का सामना करने के बाद शुक्रवार को शानदार वापसी की। दिन के कारोबार में सेंसेक्स 990 अंक तक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी इंट्रा-डे में 298 अंक तक की छलांग लगाई। माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में शांति वार्ता शुरू होने की उम्मीद, मजबूत ग्लोबल संकेत और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में लगातार हुई खरीदारी के कारण शेयर बाजार में सुबह से ही तेजी का माहौल बना रहा। दिन के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच कुछ देर तक खींचतान भी होती रही, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी की चाल में उतार चढ़ाव भी होता रहा। हालांकि, अंत में खरीदारों का पलड़ा ही भारी रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.20 प्रतिशत और निफ्टी 1.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। दिन भर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह रियल्टी, बैंकिंग, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, निफ्टी के आईटी इंडेक्स और बीएसई के टेक इंडेक्स बिकवाली के दबाव में गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.91 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह बीएसई का टेक इंडेक्स 1.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.65 प्रतिशत की उछाल के साथ दिन के कारोबार का अंत किया।
शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े छह लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन दिन के कारोबार के बाद बढ़ कर 451.23 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 444.72 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को दिन के कारोबार से करीब 6.51 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया। दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,449 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,362 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 944 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 143 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में 2,970 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,479 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 491 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर बढ़त के साथ और पांच शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 42 शेयर हरे निशान में और आठ शेयर लाल निशान में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 489.36 अंक की मजबूती के साथ 77,121.01 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 270 अंक फिसल कर 76,851.16 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लगातार हो रही खरीदारी के कारण शाम तीन बजे के थोड़ी देर बाद सेंसेक्स 990.85 अंक की तेजी के साथ 77,622.50 अंक तक पहुंच गया। दिन के कारोबार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बीच-बीच में मामूली बिकवाली भी होती रही। इसके बावजूद खरीदारों का जोश इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 918.60 अंक की बढ़त के साथ 77,550.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने 105.45 अंक उछल कर 23,880.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से थोड़ा फिसल कर 23,856.35 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लगातार हो रही खरीदारी के कारण दिन का कारोबार खत्म होने के कुछ देर पहले निफ्टी 298.95 अंक की मजबूती के साथ 24,074.05 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली बिकवाली की वजह से निफ्टी ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे लुढ़क कर 275.50 अंक की मजबूती के साथ 24,050.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एशियन पेंट्स 4.01 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 3.87 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 3.17 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 3.14 प्रतिशत और बजाज ऑटो 3.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ दिन के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, कोल इंडिया 4.40 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 3.62 प्रतिशत, इंफोसिस 2.94 प्रतिशत, टीसीएस 2.50 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 1.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ दिन के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
