Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित वन प्रमंडल के तत्वावधान में शुक्रवार को टोंटो प्रखंड के मौदा गांव (बामेबासा पंचायत) में 76वां वन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी रहीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों से अपने घरों के आसपास औषधीय और फलदार पौधे लगाने की अपील की। इस अवसर पर चाईबासा वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) आदित्य नारायण, प्रशिक्षु आईएफएस प्रशांत, प्रखंड प्रमुख अनीता देवगम, जिप सदस्य राज नारायण तुबिद और वन क्षेत्र पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
रैयती भूमि पर भी पौधरोपण किया जाना चाहिए : कार्यक्रम के दौरान डीएफओ आदित्य नारायण ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए रैयती भूमि पर भी पौधरोपण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। सांसद जोबा माझी ने कहा कि वन, पहाड़ और जंगल अगर सुरक्षित रहेंगे तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि जब भी लोग नया मकान बनाएं, तो उसके पास एक-एक औषधीय और फलदार पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल अपने बच्चों की तरह करें। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख अनीता देवगम और जिप सदस्य राज तुबिद ने भी अपने विचार रखे और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इससे पहले पारंपरिक नृत्य और गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद और अन्य अतिथियों ने पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।