मनरेगा घोटाले में पहली गिरफ्तारी, पंचायत समिति सदस्य पति भीखन रविदास न्यायिक हिरासत में भेजे गए

360° Crime Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

विष्णुगढ़/हजारीबाग: अलपीटो पश्चिमी पंचायत में बहु चर्चित मनरेगा योजना में हुए घोटाले के मामले में पंचायत समिति सदस्य चमेली देवी के पति भीखन रविदास को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मनरेगा घोटाले से जुड़े मामले में यह पहली गिरफ्तारी है। प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश कुमार की शिकायत पर 17 जून को विष्णुगढ़ थाना में कांड संख्या 112/25 दर्ज की गई थी। इसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान मनरेगा योजनाओं पशु शेड और बिरसा सिंचाई कूप निर्माण में करीब 21.95 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि 19 योजनाओं में साजिश के तहत विभागीय नियमों का उल्लंघन कर सरकारी राशि की बंदरबांट की गई।

मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें पंचायत मुखिया सुमिता देवी, उनके पति धनेश्वर यादव, तत्कालीन पंचायत सचिव शिवकुमार प्रसाद, भीखन रविदास, बालेश्वर यादव, रमेश यादव, जागेश्वर यादव, पवन कुमार यादव, बालेश्वर रविदास, सहदेव यादव और सामग्री आपूर्तिकर्ता मेसर्स निर्मला गायत्री के प्रोपराइटर झमन कुमार महतो शामिल हैं। थाना प्रभारी सपन कुमार महथा ने बताया कि भीखन रविदास पर योजनाओं में बिचौलियागिरी का आरोप है, जो मनरेगा अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा उनके खिलाफ छेड़खानी और मारपीट के दो अन्य मामले भी दर्ज हैं, जिनके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।

Spread the love